राजधानी के गोमती नगर स्थित विक्रम खंड-4 में 'बेक द केक' पर ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल के उपलक्ष्य में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया।
आयोजक अमित निगम ने बताया कि पिछले 10 साल से अपने परिवार के साथ यह भंडारा कराते आ रहे हैं। उन्होंने कहा, "हनुमान जी की कृपा से हर साल सेवा का मौका मिलता है। यह हमारे परिवार की परंपरा बन चुकी है।"
इस आयोजन में अशोक कुमार निगम, रमा निगम, राहुल निगम, हनुमान प्रसाद पांडेय समेत समस्त भक्तगण उपस्थित रहे। निगम परिवार के सदस्यों ने स्वयं भक्तों को प्रसाद परोसा।
भंडारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। पूड़ी-सब्जी, छोला-चावल, बूंदी और शीतल शरबत का प्रसाद वितरित किया गया। राहगीरों से लेकर स्थानीय लोगों तक, सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया।
अमित निगम ने कहा कि बड़े मंगल पर हनुमान जी की सेवा से मन को शांति मिलती है। उनका परिवार आगे भी यह परंपरा जारी रखेगा। पूरे दिन विक्रम खंड-4 में "जय बजरंगबली" के जयकारे गूंजते रहे।


Comments
Post a Comment