*लखनऊ।* राजधानी के कैसरबाग स्थित भाजपा कार्यालय पर ज्येष्ठ माह के पांचवें और अंतिम बड़े मंगल के अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। भाजपा नेत्री एवं आशा किरण फाउंडेशन की अध्यक्ष रीति बाजपेई द्वारा आयोजित इस भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर भाजपा नेत्री रीति बाजपेई ने कहा कि बड़ा मंगल लखनऊ की सांस्कृतिक पहचान है। हनुमान जी की कृपा से हर साल सेवा का यह अवसर मिलता है। भंडारे के माध्यम से समाज के हर वर्ग को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और क्षेत्रीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह से देर शाम तक चले भंडारे में पूड़ी-सब्जी, बूंदी और शीतल जल का वितरण किया गया। आशा किरण फाउंडेशन के सदस्य भी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।
लखनऊ में ज्येष्ठ माह के हर मंगलवार को बड़े मंगल के रूप में मनाया जाता है। इस दिन शहर भर में जगह-जगह भंडारों का आयोजन कर हनुमान जी के प्रति आस्था व्यक्त की जाती है।


Comments
Post a Comment