केनरा बैंक एम्प्लॉइज यूनियन के 75 गौरवशाली वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा के उपलक्ष्य में प्लैटिनम जुबली समारोह का भव्य आयोजन किया
कैनरा बैंक एम्प्लॉइज यूनियन के 75 गौरवशाली वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा के उपलक्ष्य में आज होटल एकास, चारबाग, लखनऊ में प्लैटिनम जुबली समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आमंत्रित पूर्व नेता साथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को भावनात्मक एवं प्रेरणादायक बना दिया।
कार्यक्रम में राज्य नेतृत्व की प्रमुख उपस्थिति रही, जिसमें कॉमरेड अंकित गर्ग (राज्य सचिव), कॉमरेड स्वाति सिंह (अध्यक्ष), कॉमरेड अजय श्रीवास्तव (उपाध्यक्ष), कॉमरेड आनंद सिंह (कोषाध्यक्ष) सहित राज्य समिति एवं अन्य पदाधिकारी साथी उपस्थित रहे। साथ ही, संगठन के शीर्ष नेतृत्व—कॉमरेड बीरम प्रकाश (महासचिव) एवं कॉमरेड एम.एस. श्रीनिवासन (अध्यक्ष)— एवं कॉम वी के सिंह जी अध्यक्ष एटक यूपी ने सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के संघर्षपूर्ण इतिहास, उपलब्धियों एवं भविष्य की दिशा पर अपने विचार रखे।
इस गरिमामयी अवसर पर केनरा बैंक के महाप्रबंधक श्री अजीत कुमार मिश्रा जी भी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने अपने संबोधन में कर्मचारियों की भूमिका एवं यूनियन के सकारात्मक योगदान की सराहना की।
अपने विचार व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि कैनरा बैंक एम्प्लॉइज यूनियन एक ऐसा जीवंत और अनुशासित संगठन है, जो अपनी गौरवशाली विरासत को संजोए रखते हुए निरंतर आगे बढ़ रहा है। इस यूनियन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां नेतृत्व एक परंपरा के रूप में विकसित होता है—जहां वरिष्ठ साथी अपने सेवानिवृत्त होने के साथ ही गरिमापूर्ण ढंग से नई पीढ़ी को स्थान देते हैं। इससे युवाओं को नेतृत्व करने, सीखने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का अवसर मिलता है।
यह समारोह न केवल अतीत की उपलब्धियों को स्मरण करने का अवसर बना, बल्कि संगठन को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने के संकल्प का भी प्रतीक रहा। वरिष्ठ साथियों के अनुभव और युवा साथियों के उत्साह का यह संगम यूनियन के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

Comments
Post a Comment