लखनऊ, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश का 50वाँ अधिवेशन (गोल्डन जुबली सेलिब्रेशन) सोमवार को गांधी भवन प्रेक्षागृह, लखनऊ में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में प्रदेश भर से आए कर्मचारी प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश खन्ना रहे। उन्होंने कर्मचारियों को स्वर्ण जयंती अधिवेशन की शुभकामनाएँ देते हुए राज्य के विकास में कर्मचारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की तथा सरकार और कर्मचारियों के बीच सकारात्मक संवाद एवं समन्वय पर बल दिया।
अधिवेशन की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष जे एन तिवारी ने की। इस अवसर पर उन्होंने परिषद की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, कर्मचारी हितों के लिए किए गए संघर्षों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए परिषद की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नारायण जी दुबे एवं महामंत्री अरुण शुक्ला सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने परिषद की स्वर्णिम यात्रा को कर्मचारियों की एकता, संगठन और संघर्ष का प्रतीक बताते हुए भविष्य में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
स्वर्ण जयंती अधिवेशन के अवसर पर परिषद की उपलब्धियों का उल्लेख किया गया तथा कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। एवं आए हुए सभी कर्मचारियों का अंग वस्त्र माला और मोमेंटो के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा संगठन की एकता, कर्मचारी कल्याण एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के साथ हुआ।


Comments
Post a Comment