लखनऊ, 7 अगस्त। भारतीय हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से ‘दस्तकारी’ हैंडीक्राफ्ट्स एंड लाइफस्टाइल प्रदर्शनी के 17वें संस्करण (राखी–तीज विशेष) का आयोजन 8 एवं 9 अगस्त, 2026 को हिल्टन गार्डन इन, गोमती नगर, लखनऊ में किया जाएगा। प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।
आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 60 चयनित कारीगर, महिला उद्यमी, डिज़ाइनर एवं हस्तशिल्प आधारित उद्यम भाग लेंगे। प्रदर्शनी में आगंतुकों को हस्तनिर्मित साड़ियाँ, डिज़ाइनर परिधान, आभूषण, सिल्वर आर्टिकल्स, हस्तनिर्मित बैग, गृह सज्जा सामग्री, बच्चों के परिधान, वेलनेस उत्पाद तथा त्योहारी उपहारों का विस्तृत एवं आकर्षक संग्रह एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा।
प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण “क्रिएटिव अड्डा” होगा, जहाँ आगंतुक लाइव कैलिग्राफी, पोर्ट्रेट स्केचिंग, पेंटिंग तथा विभिन्न रचनात्मक हस्तशिल्प गतिविधियों एवं कार्यशालाओं में सहभागिता कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं बच्चों को भारतीय कला एवं शिल्प से जोड़ना तथा रचनात्मक अभिरुचि को प्रोत्साहित करना है।
आयोजकों ने बताया कि ‘दस्तकारी’ का उद्देश्य भारतीय कारीगरों, महिला उद्यमियों एवं लघु उद्यमों को एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुँचा सकें। साथ ही भारतीय हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाओं तथा स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके।
रक्षाबंधन एवं तीज जैसे प्रमुख पर्वों के दृष्टिगत आयोजित यह प्रदर्शनी हस्तनिर्मित एवं पारंपरिक उत्पादों की खरीदारी के लिए एक उपयुक्त अवसर प्रदान करेगी। प्रदर्शनी में प्रवेश निःशुल्क रहेगा तथा सभी नागरिक सपरिवार इसमें सहभागिता कर सकेंगे।

Comments
Post a Comment